अमरोहा। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के सुचारु संचालन के लिए संबद्ध महाविद्यालयों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि स्वीकृत सीटों से अधिक प्रवेश अवैध माना जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर कार्रवाई होगी।
जेएस हिंदू पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वीर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि महाविद्यालय केवल उन्हीं पाठ्यक्रमों और विषयों में प्रवेश व पंजीकरण करेंगे, जिनमें वर्तमान सत्र के लिए विश्वविद्यालय से संबद्धता प्राप्त है। प्रवेश और सीट लॉक की प्रक्रिया विषयवार स्वीकृत सीटों के अनुरूप ही पूरी की जाएगी।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के तहत प्रत्येक सेमेस्टर में न्यूनतम 90 शिक्षण दिवस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय अवकाश या अन्य कारणों से कार्यदिवस कम होने पर अतिरिक्त कक्षाएं संचालित कर पाठ्यक्रम समय पर पूरा कराने की जिम्मेदारी प्राचार्य की होगी।
विश्वविद्यालय ने सतत आंतरिक मूल्यांकन, प्रयोगात्मक परीक्षाओं के अंक और छात्रों की उपस्थिति समय से पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं, ताकि परीक्षा परिणामों में विलंब न हो। साथ ही भवन संबंधी दस्तावेज, एनबीसी प्रमाणपत्र, अग्निशमन, बिजली, पानी, सीवेज, दिव्यांगजन सुविधाएं, पुस्तकालय अभिलेख, संबद्धता, कार्मिकों के चयन व वेतन भुगतान तथा प्रवेश, उपस्थिति और मूल्यांकन से जुड़े अद्यतन अभिलेख कार्यालय में उपलब्ध रखने को कहा गया है। औचक निरीक्षण में अभिलेख नहीं मिलने पर संबंधित प्राचार्य के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।