हाईवे पर ओवरटेक कर लाठी-डंडों से लैस युवकों ने बस में तोड़फोड़ की। जिससे सवारियों में चीख-पुकार मच गई। भीड़ जुटने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ये मामला हाईवे पर रजबपुर थानाक्षेत्र में वेंक्टेश्वर यूनिवर्सिटी के पास हुआ। बृहस्पतिवार रात करीब तीन बजे लखीमपुर खीरी के सरैया मोहम्मदी निवासी शानू प्राइवेट बस में अलीगंज से दिल्ली के लिए सवारी लेकर जा रहा था। जैसे ही बस वेंक्टेश्वर यूनिवर्सिटी के पास पहुंची को पीछे से आ रही दूसरी बस में सवार युवकों ने ओवरटेक कर शानू की बस को रोक लिया। इसके बाद लाठी-डंडों से लैस चार युवकों ने बस में तोड़फोड़ शुरू कर दी। जिससे बस क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। तभी हमलावर अपनी बस को लेकर दिल्ली की तरफ भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल की। एसओ रमेश सहरावत ने बताया कि तहरीर पर तीन-चार अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।