वन क्षेत्र के अंतर्गत शीशम की लकड़ी काटने के मामले में वन दरोगा की तहरीर पर एक पूर्व प्रधान समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे वनकर्मियों को देखकर आरोपी शीशम की लकड़ी छोड़कर फरार हो गए थे।
क्षेत्र के गांव शेरपुर में सोमवार की रात कुछ लोग सेंचुरी क्षेत्र में शीशम की लकड़ी काट रहे थे। किसी ने शीशम की लकड़ी काटने की सूचना वनकर्मियों को दी। सूचना मिलने पर रात को ही वनकर्मी मौके पर पहुंच गए। आरोपियों ने शीशम का पेड़ काट लिया था, लेकिन वे लकड़ी नहीं ले जा पाए थे। वनकर्मियों को देखकर आरोपी अंधेरे का लाभ उठाने में कामयाब हो गए। मौके पर काटी गई लकड़ी को वनकर्मियों ने अपने कब्जे में ले लिया है।
वन क्षेत्राधिकारी करन सिंह ने बताया कि वन दरोगा राकेश कुमार की ओर से थाने में एक पूर्व प्रधान समेत चार के खिलाफ तहरीर दी गई थी। थाना पुलिस द्वारा वन अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।