धनौरा के गांव सैदपुर में बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : DHANAURA
मंडी धनौरा। विकास खंड की ग्राम पंचायत सैदपुर में हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर घरेलू लाइन (एलटी) पर गिर जाने से कई घरों में करंट के उपकरण फुंक गए। वहीं, एक किशोरी व दो पशु झुलस गए। ग्रामीणों ने आनन फानन में बिजलीघर को फोन कर आपूर्ति बंद कराई। मरम्मत के दौरान हाईटेंशन लाइन के पांच खंभे टूट कर नीचे गिर गए। गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। शनिवार को ग्रामीणों ने ब्लाक कार्यालय पहुंच कर भाजपा विधायक राजीव तरारा को अपनी समस्या से अवगत कराया। विधायक ने एक्सईएन को समस्या का समाधान करने के लिए कहा।
ग्राम सैदपुर में सोमपाल के घर के पास शुक्रवार की देर शाम हाईटेंशन लाइन के तार टूट कर गिर गए। इससे कई घरों में करेंट फैल गया और लोगों के बिजली उपकरण फुंक गए। मामले की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने तत्काल भगवानपुर बिजलीघर को फोन कर आपूर्ति बंद कराई। करेंट से सोमपाल की 14 वर्षीय लड़की व दो पशु झुलस गए। सूचना मिलने पर बिजली कर्मचारी मरम्मत करने पहुंचे। बताया जाता है कि मरम्मत के दौरान पांच खंभे भरभराकर नीचे जमीन पर आ गिरे। संयोगवश इस दौरान कोई व्यक्ति उनकी चपेट में नहीं आया।
नाराज ग्रामीणों ने जर्जर व्यवस्था को सुधारने के लिए बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने शनिवार को भाजपा विधायक राजीव तरारा से मुलाकात कर जर्जर तार हटाए जाने की मांग की।
ग्राम सैदपुर में जमीन पर टूटा पड़ा हाईटेंशन लाइन का खंभा व तार- फोटो : DHANAURA