बछरायूं। थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी का शव घर के भीतर कमरे में फंदे पर लटका मिला। शव को देख परिजनों में कोहराम मच गया और आननफानन शव उतारा गया, लेकिन तब तक किशोरी की सांसें थम चुकी थी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
थाना क्षेत्र के एक गांव में लगभग 16 वर्षीय किशोरी का शव रविवार की दोपहर कमरे में फंदा से लटका मिला। परिजन कमरे के बाहर बरामदे में बैठे हुए थे। कमरे की कुंडी लगी हुई थी। किसी तरह कमरे की कुंडी खोलकर परिजन भीतर गए तो वहां का दृश्य देखकर उनकी चीख निकल गई। किशोरी का शव फंदे पर लटका हुआ था। वहीं गांव में चर्चा है कि किशोरी का गांव में ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग था। इसको लेकर परिजनों ने उसको डांट दिया था। इससे क्षुब्ध होकर किशोरी ने मौत को गले लगा लिया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। थाना पुलिस ने भी ऐसी किसी घटना की जानकारी से इनकार किया है।