सैदनगली (अमरोहा)। गांव शहदरा मिलक में सोमवार की रात ड्रोन उड़ाने के आरोप में एक किशोर को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ड्रोन न उड़ाने की हिदायत देते हुए किशोर को परिजनों काे सौंप दिया।
यह मामला देर रात का है। गांव में एक किशोर ड्रोन उड़ा रहा था। रात में लाल रंग की लाइटें दिखाई देने पर ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों में ड्रोन को लेकर कई दिन से दहशत बनी हुई है। इसी बीच गांव के ही एक किशोर को ग्रामीणों ने ड्रोन उड़ाते हुए पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई। इस दौरान ड्रोन उड़ाने वाले किशोर ने कहा कि वह मेले से ड्रोन जैसा दिखने वाला खिलौना खरीदकर लाया था, जिसे उड़ा रहा था।
थाना प्रभारी विकास सहरावत ने बताया कि ड्रोन के आकार का दिखने वाला खिलौना उड़ा रहे किशोर को ग्रामीणों ने पकड़ लिया था। बाद में किशोर को हिदायत देकर परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने कहा कि ड्रोन की अफवाहों से बचने के लिए कई गांवों में बैठकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया है। बताया गया है कि ड्रोन को लेकर किसी भी तरह की दहशत नहीं होनी चाहिए। यदि कहीं पर ड्रोन दिखता है तो पुलिस को सूचित करें।
ड्रोन उड़ने की अफवाह से दहशत
रहरा। थाना क्षेत्र के कई गांवों में तीन दिन से चोर ड्रोन कैमरे उड़ने की अफवाहें लगातार फैल रही हैं। जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। क्षेत्र के गांव बुरावली में तीन दिन पहले मध्य रात्रि में ड्रोन उड़ता हुआ दिखाई दिया, दो दिन पहले गांव फरोटा में दिखा था और सोमवार की रात गांव तरौली में ड्रोन उड़़ता हुआ नजर आया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना 112 नंबर पर दी। ग्रामीणों द्वारा ड्रोन की वीडियो व फोटो भी ली गई है। इसके अलावा गांव बांसका कला, निरावली, मदारीपुर आदि गांवो में भी ड्रोन कैमरा दिखाई देने के मामले सामने आ रहे हैं। थाना प्रभारी कुमरेश सिंह त्यागी का कहना है कि यह ड्रोन नहीं है, बल्कि यह हवाई जहाज है जो ऊंचाई पर होने के कारण छोटे नजर आ रहे हैं, ये एक दो बार दिखाई दिए हैं। उसके बाद दिखाई नहीं दिए यह सब अफवाह है।