गजरौला (अमरोहा)। टीसी मांगने पर हुए विवाद में दो युवकों ने बाल भारती इंटर कॉलेज में तोड़फोड़ की। प्रबंधक को धमकी देने का आरोप है। प्रबंधक ने वित्त विहीन स्कूल प्रबंधक वैलफेयर एसोसिएशन के साथ थाने पहुंच कर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
मंगलवार शाम थाने पहुंचे सुमित कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उनका बहलोलपुर में बाल भारती इंटर कॉलेज है। जिसके वह प्रबंधक हैं। मंगलवार दोपहर उनके कॉलेज में दो युवक टीसी मांगने आए। कॉलेज के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने प्रार्थना पत्र देने और दो-तीन बाद आकर टीसी ले जाने की बात कही। आरोप है कि दोनों युवक कॉलेज के कर्मचारी से बहस करने लगे। प्रबंधक ने पुलिस को सूचना दी। कुछ देर में युवकों के परिजन भी आ पहुंचे।
आरोप है कि युवक व उनके परिजनों ने स्कूल में तोड़फोड़ की। प्रबंधक को जान से मारने की धमकी दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी ली। एसोसिएशन ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान मूलचंद गिल, रविराज सिंह बौद्ध, योगेंद्र सिंह, महेश चंद्र चैहान, सतीश कुमार, कामेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।