मंडी धनौरा। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने खंड शिक्षा अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर आयकर कटौती नहीं किए जाने पर रोष व्यक्त किया है। संघ का कहना है कि आयकर कटौती का काम फरवरी माह में पूरा हो जाता है, लेकिन अभी तक यह शुरू भी नहीं किया गया है। संघ के पदाधिकारियों ने खंड शिक्षा अधिकारी से उनकी कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर की।
ब्लॉक अध्यक्ष योगेश चौधरी के नेतृत्व में पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल खंड शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार से मिला। पदाधिकारियों ने कहा कि आयकर कटौती का कार्य फरवरी माह में पूरा कर लिया जाता है, लेकिन इस बार अभी तक आयकर कटौती का काम शुरू भी नहीं किया गया है। उन्होंने आयकर कटौती नहीं किए जाने पर वेतन मिलने में देरी की आशंका जताई। उन्होंने आयकर कटौती का काम शीघ्र शुरू नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी। ब्लॉक मंत्री जितेंद्र कटारिया ने खंड शिक्षा अधिकारी से शिक्षकों के फोन रिसीव नहीं करने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यशैली में सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर विक्रांत यादव, हरिओम त्रिवेदी, देशराज सिंह, संगीता आर्य, मनोज शर्मा, ज्ञानेश शर्मा आदि मौजूद थे।