नौगांवा सादात के ताबिश असगर ने खुद को विशाल राणा बताकर शाहजहांपुर की युवती को प्रेम जाल में फंसा लिया। धर्म छिपाकर शादी कर ली। हकीकत पता चला तो युवती के होश उड़ गए। आरोपी ने युवती पर इस्लाम धर्म कबूल करने का भी दबाव बनाया। उसका गर्भपात भी करा दिया।
गौतमबुद्ध नगर सेक्टर-113 थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ताबिश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शाहजहांपुर निवासी कारोबारी की बेटी की मुलाकात चार साल पहले विशाल राणा नाम के युवक से हुई थी। उसने खुद को नौगांवा सादात के मोहल्ला गुला तालाब निवासी बताया था।
आरोप है कि विशाल ने खुद को राजपूत बताया था। कुछ ही समय बाद दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। विशाल बनकर गुमराह करने वाले आरोपी ताबिश असगर ने 22 फरवरी 2023 को हिंदू रीति-रिवाज से गाजियाबाद में शादी कर ली। शादी में ताबिश का भाई वसीम अख्तर भी मौजूद था, उसने खुद को वासु राणा बताया था।
शादी में युवती के माता-पिता और रिश्तेदार भी शामिल हुए थे। आरोप है कि शादी के बाद विशाल युवती को कोर्ट मैरिज के बहाने इलाहाबाद हाईकोर्ट लेकर गया। जहां दस्तावेजों को देखने से पता चला कि विशाल का असली नाम ताबिश असगर है। युवती ने उसके धर्म के बारे में पूछा तो आरोपी ने भविष्य खराब होने का हवाला देकर उसे चुप कर दिया।
कुछ महीने बाद ताबिश ने युवती पर इस्लाम धर्म कबूल करने के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि मुस्लिम धर्म नहीं अपनाने पर उसका गर्भपात करा दिया। जान से मारने की धमकी दी। विवाद होने पर युवती अपने मायके चली गई। ताबिश माफी मांग कर दोबारा से युवती को साथ ले आया।
लेकिन, कुछ दिन बाद फिर धर्म परिवर्तन करने के लिए दबाव बनाने लगा। पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो वह घर से भाग गया। कई दिन तक लापता रहा। युवती ने मामले में गुमशुदगी दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने ताबिश को बरामद कर लिया।
मामले में कमिश्नरेट गौतम बुधनगर की सेक्टर-113 थाना पुलिस ने ताबिश के खिलाफ मारपीट, धमकी, गर्भपात कराने और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।