हसनपुर (अमरोहा)। तहसील क्षेत्र में ग्राम समाज की भूमि पर नीलाम हुई खड़ी गन्ने फसल को काटकर ट्रैक्टर ट्राली में भरकर बेचने ले जाते समय दो ट्रैक्टर ट्रॉलियों को एसडीएम ने पकड़ लिया। अभियान चलाकर जमीन को कब्जामुक्त कराया गया था। इस भूमि पर गन्ने की फसल को 9.50 लाख रुपये में नीलाम किया गया है। इस फसल को ग्रामीण चोरी-छिपे काटकर ले जा रहे थे। कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। एसडीएम की ओर से की गई कार्रवाई से भू-माफिया में खलबली मची हुई है।
तहसील क्षेत्र में ग्राम समाज की भूमि जहां भी अवैध रूप से कब्जा युक्त है। प्रशासनिक अफसरों द्वारा अभियान चलाकर भूमि से कब्जा छुड़ाया जा रहा है। ज्यादातर ग्राम समाज की भूमि पर गन्ने की फसल खड़ी है। उसी दिशा में बुधवार को गांव दौलतपुर जनूबी के जंगल में करीब दो सौ बीघा भूमि पर खड़ी फसल को 9.50 लाख रुपये में नीलाम कर दिया गया। उसी तरह से अन्य गांवों में ग्राम समाज की भूमि पर खड़ी फसल को भी नीलाम करने की तैयारी है। बुधवार रात को एसडीएम को सूचना मिली कि जल्लोपुर गांव के पास ग्राम समाज की भूमि पर खड़ी गन्ने की फसल को चोरी छिपे काटकर बेचने के लिए ट्रैक्टर ट्राली से ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही एसडीएम विजय शंकर टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। यहां उन्होंने गन्ना लदे दो ट्रैक्टर ट्राली पकड़ कर कब्जे में कर लिए। उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। एसडीएम ने बताया कि गन्ना लदे दो ट्रैक्टर ट्राली पकड़े गए हैं। कार्रवाई की जा रही है।