दीपावली से पहले क्षेत्र में भारी पैमाने पर मिलावटी मिठाई बनाने का कारोबार जोरों पर चल रहा है। दो दिन पहले हसनपुर के मोहल्ला कायस्थान पूठ रोड सेे पकड़ी गई थी, कि अब हसनपुर के गांव बसेड़ा खुर्द में मिलावटी रसगुल्ले बनाने की फैक्ट्री पर छापा मारा गया है।
पुलिस ने मौके से फैक्ट्री संचालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आपस में जीजा-साले हैं। जबकि बेकिंग पाउडर, सेफलाइट पाउडर, केमिकल व अन्य सामान बरामद किए गए हैं। यह मिलावटी रसगुल्ले गजरौला और हसनपुर की नामचीन दुकानों पर बिकने थे। डीएम व पुलिस कप्तान ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर फैक्ट्री संचालक पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
हसनपुर कोतवाली इलाके के हल्का नंबर दो के गांव बसेड़ा खुर्द में मिलावटी रसगुल्ले बनाने की फैक्ट्री संचालित होने की जानकारी बुधवार शाम करीब चार बजे हल्का दरोगा ब्रजेश कुमार को मिली थी। सूचना मिलते ही एसडीएम अशोक मौर्य, कोतवाली निरीक्षक अनिल समानिया, एसएसआई आरके सिंह, एसआई ब्रजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और मिलावटी रसगुल्ला फैक्ट्री में छापामार कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने मौके से बबलू सैनी और मनोज को गिरफ्तार कर लिया, जबकि नकली दूध, मिलावटी मावा, चीनी का बक्खर, बेकिंग पाउडर, सेफलाइट पाउडर, भारी मात्रा में सूजी व मैदा व केमिकल भी बरामद किया गया। इसके अलावा करीब 50 क्विंटल तैयार छेना के मिलावटी रसगुल्ले बरामद किए गए।
क्षेत्र में मिलावटी रसगुल्ला बनाने की बड़ी फैक्ट्री पकड़ने जाने की जानकारी मिलते ही अफसरों में हड़कंप मच गया। फूड इंस्पेक्टर पंकज गुप्ता ने तैयार रसगुल्ला, मिलावटी दूध, व सभी सामान के नमूने भर लिए। नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।