मस्जिद में बैनर व अलम लगाने को लेकर शिया और सुन्नी पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। आरोप है कि सुन्नी पक्ष के लोगों ने मस्जिद में बैनर व अलम लगाने का विरोध किया। साथ ही शिया पक्ष के लोगों के साथ मारपीट और उन पर पथराव किया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस ने मुतवल्ली की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सुरक्षा की दृष्टि से मस्जिद के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है।
सैदनगली के मोहल्ला महल निवासी महजर अली मोहल्ले की ही जामा मस्जिद में मुतवल्ली हैं। उन्होंने बताया कि 20 मार्च को 19वें रामजान पर शिया समुदाय का परंपरागत हजरत अली की शहादत का ताबूत और अलम जलूस मस्जिद के अंदर से निकलता है। इसकी तैयारी के लिए शिया पक्ष के लोग बुधवार शाम को मस्जिद में शहादत के बैनर और अलम लगा रहे थे।
आरोप है कि इसी बीच सुन्नी पक्ष के छिद्दन उर्फ लाला, मौ. चमन, असलम, अनवार, अनीस, इंतजार, युसुफ, सलमान आदि लोग मस्जिद में पहुंचे और शाहदत के बैनर व अलम लगाने का विरोध करने लगे। गाली-गलौज करने लगे। गाली देने से मना करने पर आरोपियों ने मुतवल्ली और शिया पक्ष के दानिश व मुशाहिद हुसैन के साथ मारपीट की। मस्जिद के अंदर पथराव किया।
कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच बचाव कराया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि मामले में मुतवल्ली की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इनमें असलम, अनवर व अनीस को गिरफ्तार किया गया है।