अमरोहा। असुरक्षित सफर अभियान चलने के बाद बृहस्पतिवार को भी जिले में वाणिज्य कर विभाग, यातायात पुलिस और परिवहन विभाग के संयुक्त विभाग की ओर से संयुक्त रूप से 370 वाहनों का चालान किया गया। इनसे साढ़े चार लाख रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। साथ ही डग्गामार पांच बसें सीज की गईं।
बृहस्पतिवार को संयुक्त रूप से चलाए गए विशेष अभियान के तहत हाईवे पर ब्रजघाट बॉर्डर से जोया टोल तक और जोया टोल से मुरादाबाद बॉर्डर पर फोकस करके अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान में कुल 10 यात्री वाहनों के खिलाफ अनधिकृत संचालन में सीज व चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही 45 सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
सड़क सुरक्षा नियमों में जैसे हैलमेट न पहनना, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग, सड़क पर विपरीत दिशा में वाहन चलाने, बिना रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट लगाकर चलाने आदि के चालान शामिल रहे। तेज रफ्तार से भाग रहे वाहन चालकों को रोककर चालान की कार्रवाई की। परिवहन विभाग की ओर से एआरटीओ प्रवर्तन महेश शर्मा, पीटीओ सुधीर सिंह पीटीओ, वाणिज्य कर विभाग की ओर से इंद्रपाल सिंह, सीटीओ सुनील शर्मा, यातायात पुलिस की ओर से टीएसआई अनुज मलिक, दिनेश कुमार और रोडवेज विभाग की ओर से एआरएम केसी गौड़, स्टेशन इंचार्ज साजिद खान आदि मौजूद रहे।
विद्यार्थियों को दिलाई शपथ
वहीं, यातायात माह के तहत पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई भी की गई। यातायात पुलिस की ओर से श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज में एक यातायात जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। टीएसआई अनुज कुमार मलिक ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा, यातायात संकेतों व सुरक्षित ड्राइविंग के बारे में जानकारी दी। सभी को हेलमेट, सीट बेल्ट का प्रयोग व मोबाइल फोन का उपयोग न करने की शपथ दिलाई। वहीं, अलग-अलग थाना क्षेत्र में यातायात नियमाें के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। इसमें यातायात नियम पालन की सीख दी गई। कहा कि यातायात माह का उद्देश्य छात्र-छात्राओं, वाहन चालकों एवं आमजन में यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता बढ़ाना है। सुरक्षित यातायात ही जीवन की सबसे बड़ी सुरक्षा है, का संदेश दिया गया।