शहर में स्थित रोडवेज डिपो में परिचालकों की कमी है। इसके कारण बसों के संचालन में दिक्कत होती है। शासन के आदेश पर संविदा परिचालकों की भर्ती होनी है, जिससे रोजगार का अवसर मिलेगा और रोडवेज डिपो की परेशानी भी कम होगी।
एआरएम अनिल कुमार ने बताया कि सोमवार को लखनऊ मुख्यालय में बैठक होगी, जिसमें रिक्त पदों पर भर्ती किए जाने पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री की ओर से महिला सशक्तीकरण अभियान और महिला सम्मान के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में संविदा पर महिला परिचालकों की भर्ती की जाने की तैयारी हो रही है।
अमरोहा रोडवेज डिपो में 25 बस परिचालकों के पद रिक्त हैं, जिससे बसों के संचालन में दिक्कतों का सामना भी करना पड़ता है। भर्ती को लेकर तैयारी की जा रही है। जल्द ही परिचालकों की कमी खत्म हो जाएगी। एआरएम ने बताया कि फिलहाल अमरोहा में डिपो में दो महिला परिचालकों की तैनाती है।
युवतियों को प्रोत्साहित करेंगे
रोडवेज डिपो में में होने वाली संविदा परिचालकों की भर्ती से आसपास के शहर और ग्रामीण क्षेत्र के बेरोजगार युवतियों को रोजगार मिलेगा। महिला परिचालक पद के अभ्यर्थियों के अनुबंध के लिए उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन का सदस्य होना एवं एनसीसी का बी प्रमाणपत्र, एनएसएस एवं स्काउट गाइड संस्था के राज्य पुरस्कार एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। इस पर भर्ती के लिए इंटर की योग्यता के साथ कंप्यूटर का सीसीसी प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है।