निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती सोनिया की हालत गंभीर बनी हुई है। सुरक्षा के लिए लिहाज से अस्पताल में पुलिस तैनात है। उससे किसी को मिलने नहीं दिया जा रहा है।
नौगांवा सादात पुलिस पूछताछ करने में पहुंची तो सोनिया ने कुछ भी नहीं बताया। पुलिसकर्मियों से सिर्फ इतना कहा कि उसे उसकी बहन सोनम से मिलवा दो। पुलिस भी अभी प्रकरण में जल्दबाजी करने की तैयारी में नहीं है। अब पुलिस सोनिया की बहन को उससे मिलाएगी। हो सकता है सोनिया बड़ी बहन से दोनों बेटियों की हत्या और अपनी आत्महत्या के बारे में कुछ बता दे।
बहादुरपुर खुर्द में बेटी अनुष्का व किट्टों की गला दबाकर हत्या करने के बाद खुद आत्महत्या की कोशिश करने वाली सोनिया के खिलाफ उसके पति कौपिन ने मुकदमा दर्ज कराया है। मुकदमे की विवेचना नौगांवा सादात इंस्पेक्टर सुनील कुमार कर रहे हैं। सोनिया अमरोहा के जोया रोड स्थित एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मंगलवार को इंस्पेक्टर सुनील कुमार टीम के साथ सोनिया से पूछताछ करने पहुंचे। पुलिसकर्मियों को देखकर सोनिया सहम गई। उसने घटना के बारे में कुछ नहीं बताया, लेकिन सोनिया ने इतना जरूर कहा कि उसे उसकी बहन सोनम से मिला दो। इंस्पेक्टर ने बताया कि फिलहाल सोनिया ने पूछताछ के दौरान कुछ नहीं बताया है। उसने अपनी बहन से मिलने की इच्छा जताई है। दोनों बेटियों के अंतिम संस्कार के बाद सोनिया की बहन सोनम को उसे मिलाया जाएगा।
-
शनिवार को कौपिन ने सोनिया को कराई थी शॉपिंग
परिजनों के मुताबिक कौपिन ने गुरुग्राम से आने के बाद शनिवार को सोनिया को शॉपिंग कराई थी। सोनिया ने करीब 16 हजार का एक फोन भी खरीदा था।
-
रिश्ते की भाजी की शादी की कर रहे थे तैयारी
परिजनों के मुताबिक कौपिन के ताऊ जयपाल सिंह की धैवती यानी कौपिन के रिश्ते की भांजी की 16 फरवरी को बरात आनी है। घर में शादी की तैयारी चल रही थीं।
-
माता-पिता बोले, सोनिया से हमारा कोई वास्ता नहीं
दो बेटियों की हत्या कर आत्महत्या करने वाली सोनिया के मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र के धौड़ गांव के मायके वाले मंगलवार को बहादरपुर खुर्द गांव पहुंचे। घटना की असलियत पता होने के बाद उनके होश उड़ गए। सोनिया की करतूत से नाराज पिता उमेश और माता शिक्षा ने उसे वास्ता ही खत्म कर लिया। उन्होंने कहा कि सोनिया से हमारा कोई वास्ता नहीं है। उसने बहुत बड़ा अपराध किया है, उसके कर्मों की सजा उसे मिलनी चाहिए।