डिडौली/हसनपुर। शादी समारोह में शामिल होकर वापस घर लौट रहे बाइक सवार पिता-पुत्र को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे बेटे की मौके पर मौत हो गई। जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं।
हसनपुर के मोहल्ला शिवाला रोड निवासी धर्मवीर प्रजापति (40) शुक्रवार को अपने पिता रामचरण प्रजापति के साथ बाइक पर सवार होकर डिडौली थानाक्षेत्र के गांव सलामतपुर स्थित अपनी रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर शाम वहां से लौटते समय कालाखेड़ा से नेशनल हाईवे को जोड़ने वाले लिंक मार्ग पर अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। जिसमें दोनों घायल हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायलों को निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने धर्मवीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं पिता रामचरण की हालत नाजुक बताई जा रही है। धर्मवीर के परिवार में दो बेटी और एक बेटा छोड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन बिना कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे हैं।