रमाबाईआंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में सांप निकलने से हड़कंप मच गया। अंग्रेजी प्रोफेसर के शोर मचाने पर यहां परीक्षा दे रहे परीक्षार्थी एकत्र हो गए। स्टाफ भी दौड़ कर पहुंचा। वन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मशक्कत के सांप को पकड़ा। टीम ने सांप को घोड़ा पछाड़ और बहुत जहरीला बताया है।
नगर के रमाबाई आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में आनंदा डिग्री कॉलेज का परीक्षा केंद्र है। सोमवार को प्रथम पाली में भूगोल के परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे थे। सुबह दस बजे महाविद्यालय में अंग्रेजी की प्रोफेसर शशि सोलंकी अपने कक्ष में गईं तो उन की नजर मेज के नीचे बैठे सांप पर पड़ी, इससे उनके होश उड़ गए। वह शोर मचाते हुए कमरे से बाहर आईं। उनके शोर मचाने पर महाविद्यालय में परीक्षा दे रहे परीक्षार्थी और महाविद्यालय का स्टाफ दौड़ा। सांप को देख सबके पैरों तले की जमीन खिसक गई। स्टाफ ने तुरंत वन विभाग की टीम को सूचना दी। साढ़े 11 बजे वन विभाग की टीम स्टिक लेकर महाविद्यालय में पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद सांप को पकड़ा।
वन दरोगा राकेश कुमार ने बताया कि सांप को पकड़ लिया है। उन्होंने सांप घोड़ा पछाड़ होने की बात कही। बताया कि यह बहुत ही जहरीला होता है। यह सरपट दौड़ने के कारण बड़ी ही मुश्किल से पकड़ में आता है। घोड़ा पछाड़ सांप यदि किसी इंसान को काट ले तो थोड़ी ही देर में प्राण निकल जाते हैं। वन दरोगा ने बताया कि सांप को जंगल में छोड़ा दिया गया है।