गजरौला में सड़क हादसे के दौरान भिड़े वाहन।
- फोटो : HASANPUR
गजरौला(अमरोहा)। कार और कंटेनर की आमने सामने की भिड़ंत में कार में सवार उत्तराखंड निवासी एक ही दंपती और बच्चों सहित छह लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पाकर पहुंची पुलिस घायलों को सीएचसी लेकर आई। उपचार के लिए भर्ती कराए। जहां से सभी को रेफर कर दिया गया। घायल उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के हैं, जो देर शाम दिल्ली जा रहे थे।
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल निवासी बलवीर सिंह रविवार की देर शाम कार से दिल्ली जा रहे थे। उनके साथ पत्नी मंजू देवी, बेटा सूरज, वंश और बेटी करिश्मा व पड़ोसी संतोष की पत्नी रीना देवी भी थी। जैसे ही कार भानपुर सामने पहुंची, दिल्ली की दिशा से आ रहे कंटेनर से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। भिड़ंत में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। इधर हादसे की सूचना पाकर चौकी के पुलिसकर्मी लोकेश कुमार अपने साथ होमगार्ड और पुलिसकर्मियों को लेकर पहुंचे। उधर, कंटेनर का चालक मौका पाकर फरार हो गया। पुलिस कर्मियों ने अपने वाहन से घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां से सभी को रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने क्रेन मंगाकर दोनों वाहनों को हटवाया। इस दौरान जाम की स्थिति भी बन गई थी। थाना प्रभारी राजेश तिवारी का कहना है कि हादसे में उत्तराखंड निवासी छह लोगों के घायल होने का मामला सामने आया है। घायलों को सीएचसी में भर्ती करा दिया गया है।