कोर्ट के आदेश्ा के मुताबिक हाईवे से शराब की दुकानें हटाई जाएंगी। हाईवे के 500 मीटर तक शराब की दुकान नहीं खुल सकती, शासन के इस आदेश से डरे दुकान संचालक इधर-उधर खाली दुकान की तलाश कर रहे हैं, जहां शराब की दुकान खोली जा सके। आबादी से भी उनको परहेज नहीं है। शराब दुकानदारों का इस बात का विरोध शुरू हो गया है। लोगों का कहना है कि चाहे कुछ भी हो जाए, आबादी में शराब की दुकान नहीं खुलने देंगे। इससे क्षेत्र का माहौल खराब होगा।
गजरौला में धनौरा हाईवे पर खादगूजर तिराहे से भानपुर रेलवे क्रासिंग के बीच गंगा नगर के सामने शराब की नई दुकान खोलने के अंदेशे में सप्ताह भर से चल रहा गंगा नगर की महिलाओं का धरना-प्रदर्शन शनिवार को तूल पकड़ गया। शुक्रवार की रात दुकान में शराब की गाड़ी पहुंचने पर महिलाएं सड़क पर उतर आयीं।
शनिवार को महिलाएं चौका चूल्हा लेकर दुकान के सामने ही धरने पर बैठ गईं। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी भी की। धरना प्रदर्शन में महिलाओं ने कहा कि जब तक उन्हें प्रशासन का पूर्ण आश्वासन नहीं मिलता। तब तक धरना जारी रहेगा। कहा कि इस संबंध में जिलाधिकारी को भी प्रार्थना पत्र दिया गया।
अपराह्न करीब तीन बजे नायब तहसीलदार राकेश जैन मौके पर पहुंचे और महिलाओं से बात कर दुकान न खुलने का आश्वासन दिया। तब कहीं महिलाओं का गुस्सा शांत हुआ हुआ और धरना खत्म कर महिलाएं लौट गईं।
मोहल्ले में शराब की दुकान खोलने पर हंगामा
जोया कस्बे में अंग्रेजी शराब व बियर की दुकान थी। हाईवे के 500 मीटर तक शराब की दुकान नहीं खुल सकती, शासन के इस आदेश से डरे दुकान संचालकों ने कस्बे के निकट सेक्रेटरी कालोनी में खोलने की तैयारी कर ली। यहां दुकान भी किराए पर ले लीं। जानकारी मोहल्ले के लोगों को लगी तो वह रात आठ बजे ट्रैक्टर ट्राली लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे।
डीएम शुभ्रा सक्सेना से मिलकर शराब की दुकान का विरोध जताया। डीएम ने लोगों को आश्वासन देकर भेज दिया। रात 12 बजे चुपके से दुकानों में शराब और बियर रखी जाने लगी। आवाज सुन लोग जाग कर जमा हो गए।
मोहल्लेवासियों ने हंगामा कर दिया। दुकानों में अपना ताला लगाकर मोहल्लेवासी बोले कि यहां पर किसी भी कीमत पर शराब व बियर की दुकान नहीं खुलने देंगे। सूचना पर कोतवाल विवेक शर्मा पुलिस के साथ पहुंच गए।
लोगों को समझा कर शांत किया। आश्वासन दिया कि उनके आसपास दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। शनिवार को लोगों ने मामले को कलक्ट्रेट में अधिकारियों से मुलाकात की। मौके पर पहुंची आबकारी विभाग के अधिकारियों ने दूसरी जगह मुबारकपुर जोया में दुकान खोली जाने की बात तय की गई है। मास्टर जानकी प्रसाद शर्मा, रवि शर्मा, रामचरन सिंह, राम सिंह, अमरपाल सिंह, इमरान, रिंकू, मोनू रहे।