अमरोहा। रक्षाबंधन पर बहनों की राखियां भाइयों तक पहुंचाने में डाक विभाग ने भी अहम भूमिका निभाई। अमरोहा से अब तक करीब 600 राखियां देश के अलग-अलग हिस्सों में भाइयों तक पहुंचाई जा चुकी हैं। डाक विभाग की ओर से राखियों की सुरक्षित और समय से डिलीवरी के लिए स्पीड पोस्ट सेवा को प्राथमिकता दी गई।
डाक विभाग की ओर से राखियों के लिए विशेष रंगीन और वाटरप्रूफ लिफाफा उपलब्ध कराया गया। इसे इस तरह तैयार किया गया है कि बारिश और नमी के बावजूद राखियां सुरक्षित रहें। लिफाफे की हैंडलिंग के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई, जिससे राखियों को गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाया जा सके।
प्रभारी पोस्ट मास्टर डालचंद सिंह ने बताया कि विशेष राखी लिफाफे की कीमत 10 रुपये निर्धारित है। इसमें केवल लिफाफे का शुल्क शामिल है, जबकि डाक शुल्क अलग से देना होता है। बहनें लिफाफे में राखी रखकर स्पीड पोस्ट या साधारण डाक के माध्यम से देश के किसी भी हिस्से में भेज सकती हैं। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के मद्देनजर राखी बाय स्पीड पोस्ट सेवा को प्राथमिकता दी गई है, ताकि बहनों की राखियां समय से भाइयों तक पहुंच सकें। डाक विभाग का प्रयास है कि दूरी चाहे कितनी भी हो, त्योहार के दिन भाई की कलाई बहन के प्यार की राखी से सजे।