डिडौली। शहर के एक निजी अस्पताल में नौकरी करने वाली नर्स को संभल निवासी बड़ी बहन के चचेरे देवर ने प्रेम जाल में फंसा लिया और शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया। अब आरोपी शादी से मुकर गया। उसके परिजनों से शिकायत करने पर उन्होंने एक धार्मिक स्थल पर विवाह पत्र तैयार करा लिया। मामले में आरोपी, उसके पिता और बहनोई समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस जांच कर रही है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान की बेटी अमरोहा नगर के एक निजी अस्पताल में नर्स है। दर्ज कराई प्राथमिकी के मुताबिक संभल जनपद के एचौड़ा कम्बोह थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी उसकी बड़ी बहन के चचेरे देवर ने नर्स को प्रेम जाल में फंसा लिया और पांच साल तक यौन शोषण किया। छह महीने पहले पीड़िता ने शादी के लिए कहा तो आरोपी मुकर गया। पीड़िता के परिजनों ने आरोपी के परिजनों से बात की तो उन्होंने शादी करने से मना कर दिया। पीड़िता ने कानूनी कार्रवाई की धमकी दी तो 17 जून को युवक अपने परिजनों के साथ एक धार्मिक स्थल पर आया और यहां शादी का विवाह पत्र तैयार करवा लिया। लेकिन, पीड़िता को अपने साथ नहीं लेकर गया। पीड़िता ने मामले की शिकायत डिडौली कोतवाली पुलिस से की। सीओ सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि मामले में आरोपी युवक, उसके पिता और बहनोई समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।