हसनपुर। गजरौला मार्ग पर इको कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लिया। पुलिस कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। वहीं मौत की सूचना से परिजनों में शोक व्याप्त है।
मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के गांव खंसाल निवासी संजय कुमार त्यागी अपनी पत्नी कल्पना त्यागी (35) के साथ बाइक से बुधवार की दोपहर रहरा थाना क्षेत्र के गांव उकावली स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। हसनपुर गजरौला मार्ग पर दीपपुर गेट के पास सामने से आ रही अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में संजय घायल हो गए। जबकि उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। महिला को एक बेटा और एक बेटी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह ने बताया कि इको कार कब्जे में कर ली गई है। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।