अमरोहा। शॉर्ट सर्किट से गारमेंट की दुकान और मकान में आग लग गई। आग से लोगों में खलबली मच गई। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह आग पर काबू पाया।
नगर कोतवाली के मोहल्ला जट बाजार में पुलिस चौकी के सामने हर्षित यादव की गारमेंट की दुकान है। दुकान के ऊपर ही आवास है। इसमें दुकानदार परिवार के साथ रहता है। लॉकडाउन के चलते कई दिनों से दुकान बंद है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे अचानक दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग दुकान के ऊपर बने घर तक पहुंच गई। आग की लपटें उठती देख परिवार के लोगों में अफरातफरी मच गई। पड़ोस में रहने वाले नईम अहमद ने किसी तरह से दुकानदार के परिवार को वहां से सकुशल बाहर निकाला। जानकारी मिलते ही दमकल की टीम पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।