हसनपुर। रेडीमेड कपड़ों की दुकान पर खरीदारी के दौरान विवाद होने पर दुकानदार ने महिला ग्राहकों के साथ मारपीट कर दी। सूचना पर पहुंचे महिला के देवरों को धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव सिहाली जागीर निवासी निशिव अग्रवाल की गर्भवती पत्नी मुस्कान अग्रवाल का कहना है कि वह मंगलवार देर शाम अपनी ननद मेघा के साथ नगर के पुराना डाकखाना के पास स्थित अंसारी क्लॉथ हाउस एंड रजिया गारमेंट्स पर खरीदारी के लिए गई थीं। मनपसंद सामान न मिलने पर जब वह आने लगी तो स्वामी आफताब और आबिद ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। विरोध पर दोनों को मारपीट कर घायल कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर देवर रोहित और शिखर अग्रवाल मौके पर पहुंचे तो दुकान स्वामियों उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। रोहित की सोने की चेन व शिखर की अंगूठी भी छीनने का भी आरोप लगाया। घायलों का सीएचसी में उपचार कराया। घटना की सूचना मिलते ही व्यापारी और अग्रवाल समाज के लोग कोतवाली में एकत्र हो गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।
सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि मामले में पीड़ित की तहरीर के आधार पर आफताब, आबिद, फिराज, आसिफ, हाजी रजा और 5-6 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।