एक युवक तमंचे लहराते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया। पुलिसकर्मी उसे थाने ले गए। पता लगने पर आसपास के लोग इकट्ठा होकर थाने गए। युवक को गलत फंसाने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। लोगों ने पुलिस पर अभद्रता करने का भी आरोप लगाया। मामला बढ़ता देख पुलिस ने बिना कार्रवाई युवक को छोड़ दिया।
बुधवार शाम थाना पुलिसकर्मी अल्लीपुर चौपला निवासी एक युवक को हिरासत में लेकर थाने लाए। पुलिसकर्मियों के आरोप के मुताबिक युवक का तमंचे लहराते हुए वीडियो वायरल हुआ था। युवक को थाने लाए जाने की खबर मिलने पर मोहल्ले के लोग इकट्ठा होकर थाने पहुंच गए। यहां उन्होंने पुलिस पर अभद्रता करने और युवक को गलत फंसाने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। आक्रोशित लोगों का कहना था कि पुलिस जिस युवक को थाने लाई है, उसका कोई आपराधिक इतिहास भी नहीं है।
इसके अलावा जिस वीडियो में युवक को तमंचे लहराते दिखने की बात कही जा रही है, वह वास्तविक नहीं है, बल्कि युवक का फोटो एडिट किया गया है। हंगामा कर रहे लोगों की पुलिस से खासी नोकझोंक हुई। थाना प्रभारी विनय कुमार ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाकर शांत किया। युवक को बिना कार्रवाई छोड़ दिया गया। थाना प्रभारी का कहना है कि युवक का किसी ने तमंचे संग फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसमें कोई कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों को समझा कर शांत कर दिया गया।