अमरोहा। मुरादाबाद मंडल के रामपुर में मुर्गियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद पशुपालन विभाग भी सतर्क हो गया था। बचाव व एहतियात को जिले में विभाग द्वारा एडवाइजरी भी जारी की गई थी। इसके साथ ही अलग-अलग जगहों से 100 सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए थे। जिनकी रिपोर्ट भी विभाग को मिल गई है। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आने पर विभाग ने राहत की सांस ली है।
पिछले दिनों रामपुर जिले के दो पॉल्ट्री फार्म पर मुर्गियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद सभी मुर्गियों व अंडों को दबा दिया गया था। पड़ोसी जिले में बर्ड फ्लू का मामला सामने आने के बाद यहां भी एहतियात बरतना शुरू कर दिया गया था। डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स का गठन कर समस्त संबंधित विभागों को उनके दायित्वों के प्रति सचेत भी किया गया था। पशु पालन विभाग की विकास खंड स्तरीय रैपिड रेस्पॉन्स टीमें निरंतर क्रियाशील रहते हुए जनपद की पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण करने में लगी थी। इसके अलावा नमूनों की संख्या भी बढ़ा दी गई थी।
पोल्ट्री फार्म्स व होटल व्यवसाय से जुड़े प्रमुख लोगों को जूम बैठक के माध्यम से समस्त सावधानियों के विषय में जानकारी देते हुए एडवाइजरी भी जारी की गई थी।
- जिले से क्लोएकल, ओरो फैरेन्जियल तथा सीरम सैंपल मंडलीय रोग निदान प्रयोगशाला, मुरादाबाद के माध्यम से भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान इज्जतनगर बरेली भेजे गए थे। 137 सैंपल में से 100 की रिपोर्ट प्राप्त हो गई है। जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। आमजन से सतर्कता बनाए रखते हुए अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। - डॉ. आभा दत्त, सीवीओ