हसनपुर। देशी शराब की दुकान बंद करके घर जा रहे सेल्समैन पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर किया था। इस दौरान सेल्समैन के साथ लूट की घटना भी हुई थी। तीन दिन बाद मेरठ में उपचार कराने के बाद पुलिस ने सेल्समैन के बयान दर्ज किए तो लूट की घटना होने की बात सामने आई।
इसके बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई 20 हजार की रकम में से 16 हजार बरामद कर लिए। नगर के मोहल्ला होली वाला निवासी विवेक गुप्ता की गांव करनखाल में देशी शराब का दुकान है। दुकान पर हसनपुर निवासी भरत कुमार सेल्समैन के रूप में कार्य करते हैं। रोजाना की तरह भरत कुमार 10 मार्च की रात करीब दस बजे शराब का की दुकान बंद करके वापस हसनपुर लौट रहे थे। रास्ते में उन पर जानलेवा हमला हुआ था।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने सोमवार को घटना का खुलासा करते हुए बताया कि जानलेवा हमले की रिपोर्ट में लूट की धारा जोड़ दी गई है। सेल्समैन के बताने पर मोहल्ला कायस्थान चामुंडा रोड निवासी अल्फेज, काला शहीद निवासी शहबाज उर्फ मोनू, चामुंडा रोड निवासी राहिल उर्फ बाबू व एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। जबकि इनका साथी मुख्य आरोपी राहिल उर्फ भूरा वांछित है।
पुलिस उसकी तलाश कर रही है। कोतवाल ने बताया कि आरोपियों से 16 हजार रुपये व टिफिन और घटना में प्रयुक्त डंडे बरामद किए गए हैं। मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में अपराध निरीक्षक अमरपाल सिंह, कस्बा चौकी प्रभारी रामप्रकाश, सिपाही सचिन कुमार, अतुल मलिक शामिल रहे।