भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने सरकारों पर जमकर निशाना साधा। कहा, सरकार ने गन्ने का भाव नहीं बढ़ाया। किसानों की आवाज दबाने और कमजोर करने के लिए किसान संगठनों में तोड़फोड़ करा दी। साथ ही कुछ अपने पक्ष में संगठन भी बना लिए। बिजली आपूर्ति कम कर दी। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों से लड़ने के लिए किसान संगठनों में एकता जरूरी है।
भाकियू टिकैत के नगर अध्यक्ष अनिल चौधरी का बीते दिनों बीमारी के चलते निधन हो गया। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत सोमवार को अनिल चौधरी को श्रद्धांजलि देने आए थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से भी बात की। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि किसानों की आवाज दबाने और कमजोर करने के लिए सरकार ने किसान संगठनों में ही तोड़फोड़ करा दी है। कुछ ऐसे संगठन बना लिए, जो सरकार के साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि सरकारों को किसानों की चिंता नहीं है। गन्ना सीजन खत्म होने के कगार पर, लेकिन गन्ने का भाव नहीं बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि पंजाब में किसान आंदोलन कमजोर हुआ तो आम आदमी की पार्टी सरकार ने किसान खदेड़ दिए। सरकार किसी भी तरह किसान की जमीन पर कब्जा करना चाहती है। जिसे बचाने और सरकार से लड़ने के लिए किसान संगठनों को एक साथ आने की जरूरत है। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष दानवीर सिंह उर्फ पिंटू, गिरिराज सिंह, नरेंद्र सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य जीपी सिंह, कुशल चौधरी, राजेंद्र सिंह, बृजपाल सिंह, मूलचंद सिंह आदि मौजूद रहे।