Roads started becoming devotional with the cheers of Bam-Bam Bhole
- फोटो : JPNAGAR
महाशिवरात्रि के नजदीक आते ही कांवड़ियों का हरिद्वार जाने और वहां से कांवड़ लेकर लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। सड़कों पर बम-बम भोले के जयकारे सुनाई देने लगे हैं। शनिवार को कांवड़ियों के जत्थे कंधे पर कांवड़ लेकर हरिद्वार से लौटते दिखे। वहीं, पुलिस का ट्रैफिक रूट डायवर्जन प्लान रविवार दोपहर से लागू हो जाएगा।
एक मार्च को महाशिवरात्रि का त्योहार है। हर वर्ष महाशिवरात्रि पर हरिद्वार एवं ब्रजघाट से क्षेत्र के लाखों को शिवभक्त कांवड़ लेने जाते हैं। अलीगढ़, बरेली, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, बदायूं, बबराला, बुलंदशहर, अनूपशहर आदि के शिवभक्त अमरोहा-गजरौला होकर ही हरिद्वार जाते हैं। फिर इन्हीं रास्तों से वापस गंतव्य की तरफ जाते हैं। शिवभक्तों का हरिद्वार से कांवड़ लेने जाने का सिलसिला तो कई दिन पहले ही शुरू हो गया था। हालांकि दूर के शिवभक्त हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौटने लगे हैं। शनिवार को हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे दूर जनपदों निवासी शिवभक्तों के जत्थे नेशनल हाईवे, नौगांवा सादात, गजरौला और बिजनौर रोड से जोया होते हुए गंतव्य के लिए जाते हुए देखे गए। बम-बम भोले के जयकारों से सड़कें भक्तिमय दिखाईं पड़ने लगी हैं। शिवभक्तों की सहूलियतों के लिए जगह-जगह भंडारे सजने लगे हैं।
करीब दो साल बाद हो रही कांवड़ यात्रा को लेकर लोगों में बेहद जोश नजर आ रहा है। कांवड़ियों की सेवा के लिए लोग तन मन व धन से काम कर रहे हैं। लगभग एक दर्जन से अधिक सेवा शिविर कांवड़ियों की सेवा के लिए लगाए गए हैं। वहीं, पुलिस ने गजरौला मार्ग पर कांवड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर रूट डायवर्ट करना शुरू कर दिया है।
बड़ी संख्या में कांवड़िये नगर के भीतर से होकर गुजर रहे हैं। कांवड़ियों की सेवा के लिए रामगंगा पोषक नहर से तहसील तक एक दर्जन से अधिक सेवा शिविर लगे हुए हैं। सेवा शिविरों में भोजन व नाश्ते के अलावा कांवड़ लेने वालों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। ग्राम फत्तेपुर निवासी सुुमित कुमार ने कांवड़ियों के लिए ब्रांडेड कंपनी का बोतलबंद पानी भी उपलब्ध कराया है। सुमित का कहना है कि कांवड़ियों की सेवा से उनको सुकून मिलता है। दूसरी ओर, पुलिस ने गजरौला मार्ग पर कांवड़ियों की भीड़ के मद्देनजर ब्लाक कार्यालय के निकट से रूट डायवर्ट करना शुरू कर दिया है। प्रभारी निरीक्षक वरुण कुमार ने बताया कि गजरौला मार्ग पर चार पहियों की आवाजाही बंद कर दी गई है।