जर्मन टेक्नोलॉजी से बना आदमपुर-ढबारसी मार्ग लीपापोती करके तैयार कर दिया है। मार्ग पर आवागमन भी शुरू हो गया। लेकिन, कई स्थानों पर सड़क उबड़-खाबड़ है। लोगों से डीएम से सड़क का निर्माण मानक के अनुरूप नहीं किए जाने की शिकायत की है।
ढबारसी से आदमपुर के बीच 5.8 किलोमीटर मार्ग का निर्माण कार्य 10 अक्तूबर 2022 से शुरू हुआ था। यह जिले का मुख्य मार्ग भी है। जिसका निर्माण जर्मन टेक्नोलॉजी से किया जाना था। निर्माण कार्य अक्टूबर 23 तक पूरा होना था, लेकिन विभागीय लापरवाही से समयावधि के बीच निर्माण पूरा नहीं हो सका। गांव ढबारसी निवासी अमरीश त्यागी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सतीश अग्रवाल, कैसर परवेज, हरिप्रकाश एडवोकेट, धीरज सिंह, मुकेश सिंह, देशराज सिंह, नेमपाल यादव एडवोकेट आदि का कहना है कि मार्ग का निर्माण मानक के अनुसार नहीं हुआ है। जर्मनी टेक्नोलॉजी जैसा मार्ग में कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है।
यह मार्ग 7.23 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। आरोप है कि मार्ग में बहुत ही घटिया सामग्री लगाई है। इसके निर्माण कार्य की जांच की जाए। वर्तमान में मार्ग पर सफेद पट्टी खींची जा रही है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के एक्सईएन रोहित वार्ष्णेय का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी।