डिडौली कोतवाली में कार्रवाई की मांग करते ग्रामीण।
- फोटो : JPNAGAR
डिडौली। सैकड़ों ग्रामीणों को झांसे में लेकर रिटायर शिक्षक के बेटे ने करोड़ों रुपये ठग लिए और फरार हो गया। वह लोगों को नए वाहन आधे दामों में दिलाने का झांसा देता था। कोतवाली पहुंचे ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। वहीं ग्रामीणों ने बेटे के साथ रिटायर शिक्षक पर भी षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप लगाया और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
यह मामला नेशनल हाईवे डिडौली गांव का है। मंगलवार को गांव के 50 से अधिक लोग एकत्र होकर कोतवाली पहुंचे। यहां रिटायर शिक्षक के बेटे पर करोड़ों रुपये ठगने का आरोप लगाया। कहा कि आरोपी युवक खुद को एक कंपनी में तैनात बताता था। साथ ही नए ट्रैक्टर, बाइक और कार को आधे दामों में दिलाने का दावा करता था। झांसे में लेने के लिए उसने कई लोगों को सस्ते दामों में वाहन दिलाए भी थे। इससे ग्रामीणों का विश्वास उसके प्रति और बढ़ गया। आरोप है कि गांव के सैकड़ों लोगों ने नए वाहन खरीदने के उद्देश्य से करोड़ों रुपये उसे दे दिए थे। लेकिन, वाहन मिलने का तय समय बीतने के बाद वह फरार हो गया। ठगी का अहसास होने पर लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीण मुकदमे से बचने के लिए वह लगातार उस पर रुपये वापस दिए जाने का दबाव बनाते रहे। बावजूद इसके आरोपी ने रुपये वापस नहीं किए।
ग्रामीणों का आरोप है कि धोखाधड़ी के इस षड्यंत्र में आरोपी का रिटायर्ड शिक्षक पिता भी शामिल है। ग्रामीणों का दावा है कि पिता-पुत्र के बीच बातचीत का एक ऑडियो वायरल हो रहा है। जिसमें रिटायर्ड शिक्षक खुद आरोपी बेटे से ग्रामीणों को चुप करने का तरीका बताने की बात कर रहा है। ग्रामीणों ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान अशरफ नेता, चौधरी कल्लू, नबाब, अब्दुल्ला, रेसपाल, सत्तार अल्वी, नेता, इकबाल, शकील, एजाजुल आदि मौजूद रहे। इंस्पेक्टर मोहित चौधरी ने बताया कि प्रकरण की तहरीर मिल गई है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।