डिडौली(अमरोहा)। शादी का वादा कर चार वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इन्कार करने से आहत युवती ने तेजाब पी लिया। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने युवती के पिता की तहरीर पर आरोपी युवक समेत चार लोगाें के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। यहां रहने वाले एक मजदूर की 22 वर्षीय बेटी का दिल्ली के उत्तम नगर निवासी इम्तियाज से पिछले करीब चार वर्षों से संपर्क था। आरोप है कि इम्तियाज ने शादी का भरोसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। करीब एक माह पहले युवती ने अपने पिता को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद परिजन दिल्ली पहुंचकर इम्तियाज के पिता, बहन और बहनोई से मिले तथा शादी का प्रस्ताव रखा।
आरोप है कि युवक के परिजनों ने शादी से इन्कार कर दिया। साथ ही गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि बाद में इम्तियाज ने फोन पर भी युवती से शादी करने से मना कर दिया और अपमानजनक बातें कहीं। इससे युवती मानसिक रूप से टूट गई और तीन दिन पहले घर में तेजाब पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि युवती के पिता की तहरीर के आधार पर इम्तियाज, शबिल, शबीना और आसिफ के खिलाफ संबंधित प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।