दहेज में कार और पांच लाख रुपये के लिए मंगेतर ने रिश्ता तोड़ लिया। मंगनी में खर्च हुए रुपये और सामान लौटाने से इनकार कर दिया। मंगेतर पर पहली शादी छिपाने का भी आरोप है। पुलिस ने मामले में मंगेतर समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने अपनी बेटी का रिश्ता संभल के मोहल्ला पुराना रोडवेज निवासी शाहवेज के साथ किया था। आरोप है की मंगनी के दौरान करीब तीन लाख रुपये खर्च किए थे। बावजूद इसके शादी की तारीख भी तय हो गई थी। लेकिन बाद में शाहवेज के परिजनों ने दहेज में पांच लाख रुपये और कार की डिमांड शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर रिश्ता खत्म करने की धमकी दी। इसके बाद युवती को पता चला कि शाहवेज पहले से शादीशुदा है। आरोप है कि 26 जून को शाहवेज अपने पिता जरीफ और मां इमराना के साथ बातचीत के लिए युवती के घर आया था। जहां दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर रिश्ता तोड़ दिया। साथ ही मंगनी में खर्च रुपये और सामान भी लौटाने से इनकार कर दिया। एसओ रमेश सहरावत ने बताया कि युवती के तहरीर पर तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।