Rain broke the record of last 6 years, 40 mm of rain fell in 24 hours
- फोटो : JPNAGAR
बेमौसम बारिश ने पिछले छह साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। जनवरी माह में दूसरी बार इतनी बारिश हुई है। जबकि पिछले चौबीस घंटे में 40 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है। इस माह में अब तक 64.3 एमएम बारिश हो चुकी है। इससे पहले वर्ष 2020 में 21.50 एमएम बारिश दर्ज की गई थी। लगातार बारिश की वजह से चौबीस घंटे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार (आज) को भी बारिश होने का अनुमान है।
इस साल जनवरी माह में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। करीब एक सप्ताह से सूर्यदेव ने दर्शन नहीं दिए। पिछले चौबीस घंटे से लगातार बारिश हो रही है। जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि पिछले छह सालों में जनवरी में इतनी बारिश नहीं हुई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 के जनवरी माह में बिल्कुल बारिश नहीं हुई थी। जबकि वर्ष 2017 जनवरी महीने में 15.83 एमएम बारिश हुई। वर्ष 2018 के जनवरी माह में नाममात्र बारिश हुई, जो 0.66 एममए रिकार्ड की गई थी। ऐसे ही वर्ष 2019 में 8.50 एमएम और वर्ष 2020 में सबसे अधिक 21.50 एमएम बारिश दर्ज की गई थी। लेकिन इसके बाद वर्ष 2021 जनवरी माह में बारिश नहीं पड़ने से मौसम अच्छा रहा था। इस साल जनवरी महीने में हुई बारिश ने पिछले छह सालों का रिकार्ड तोड़ दिया है। अब तक इस महीने में 64.3 एमएम बारिश हो चुकी है। जबकि शनिवार की शाम से रविवार की शाम 40 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है। दिन के तापमान में गिरावट आई है। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 14 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस था।