मंडी धनौरा (अमरोहा)। चुचैला कलां स्थित सरकारी गेहूं क्रय केंद्र को बंद करने के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने चांदपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। उनकी मांग थी कि क्रय केंद्र तत्काल चालू किया जाए। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी ने खरीद कराने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। मंगलवार को हुई खरीद की फीडिंग भी कराने का आश्वासन दिया गया।
पहले शासन ने 15 जून तक ही गेहूं की सरकारी खरीद किए जाने का निर्णय लिया था। वहीं कोरोना महामारी की वजह से खरीद प्रभावित हुई। सोमवार को क्रय केंद्र पर बारदाना नहीं होने के विरोध में भाकियू कार्यकर्ताओं ने जाम लगा दिया था। उस समय भी किसानों ने खरीद एक सप्ताह के लिए बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन बुधवार को ही चुचैला कलां का क्रय केंद्र बंद कर दिया गया। इसकी जानकारी किसानों को क्रय केंद्र पर जाकर मिली। भाकियू कार्यकर्ताओं ने इसके विरोध में दोपहर 12 बजे चांदपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीएम मांगेराम चौहान व सीओ सत्येंद्र कुमार ने किसानों को आश्वासन देकर जाम खुलवाया। एसडीएम ने बताया कि चुचैला कलां क्रय केंद्र से संबंधित किसानों का गेहूं धनौरा क्रय केंद्र पर तौला जाएगा। इस मौके पर बिजेंद्र शर्मा, गुरमीत सिंह, बचन सिंह, निरंजन सिंह, साहब सिंह, बाबी चाहल आदि मौजूद थे।