हसनपुर (अमरोहा)। नगर में मंगलवार की रात को चोरों ने पांच दुकानों को निशाना बनाया। पुलिस चोरी की घटना की जांच पड़ताल में जुटी है।
नगर में झकड़ी रोड पर सोनू कुमार की पशु आहार एवं कृषि यंत्र की दो दुकानें हैं। मंगलवार रात चोरों ने शटर तोड़कर दुकान से गैस सिलेंडर, बैटरी, रेशम के बान एवं चार हजार की नगदी समेत करीब 22 हजार का सामान चोरी कर लिया। इसके बाद चोरों ने इसी के पास अमित कुमार के जन सुविधा केंद्र के ताले तोड़कर बैटरी चोरी कर ली। इसके अलावा पास में ही अशोक कुमार की कॉस्मेटिक की दुकान है। शटर के ताले तोड़कर पांच हजार का सामान एवं करीब ढाई हजार रुपये चोरी कर लिए। इसके अलावा चोरों ने असलम की लोहे की दुकान के ताले तोड़कर करीब आठ हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। बुधवार सुबह दुकान स्वामियों को चोरी होने की जानकारी मिली तो होश उड़ गए। मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल की। उधर गांव पिपलौदा खुर्द में मंदिर से दानपात्र चोरी हो गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर का कहना है कि चोरी की घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा।