अमरोहा/गजरौला। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेसियों का हस्ताक्षर अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। पेट्रोल भराने आए बाइक और कार सवारों से हस्ताक्षर कराया।
शहर अध्यक्ष परवेज आरिफ टीटू की अगुवाई में कार्यकर्ता कांठ रोड पेट्रोल पंप पर एकत्र हुए। यहां पर 30 लोगों से हस्ताक्षर कराए। बाइक सवार लोगों ने टैक्स कम करने की मांग दोहराई। इस दौरान जावेद आब्दी, यासमीन, मयंक गुर्जर, इमरान आब्दी, चनन खान, फरमान अहमद आदि रहे। वहीं कांग्रेस नेता सलीम खान की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने मंडी समिति तिराहे के समीप पेट्रोल पंप पर हस्ताक्षर कराया। लोगों ने बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने की मांग की। सोशल आउटरिच विभाग की ओर से शहर के पेट्रोल पंप पर महंगाई के खिलाफ हस्ताक्षर कराए गए। इस दौरान सिकंदर रजा, बाकर रजा नकवी, इदरीश शाह, गौरव चौधरी, मोहम्मद गाजी, यासमीन फारुकी आदि रहे।
वहीं गजरौला में गुरुवार को जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह कटारिया के नेतृत्व में कांग्रेसी गजरौला चौपला पर पेट्रोल पंप पर एकत्र हुए। यहां उन्होंने पेट्रोल, डीजल तेल की बढ़ती कीमतों के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाया।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार के कारण किसान, मजदूर, व्यापारी, नौजवान सब परेशान हैं। सरकार किसानों को पूंजीपतियों का गुलाम बनाना चाहती है। गलत नीतियों के कारण देश में महंगाई आसमान छू रही है। डीजल 92 रुपये और पेट्रोल 100 रुपये लीटर मिल रहा है, जबकि गन्ना, गेंहू, धान की कीमत बहुत कम है। महंगाई कम करने की मांग को लेकर कांग्रेस आंदोलन कर रही है। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष जयपाल सिंह जाटव, ब्लॉक अध्यक्ष वाहिद अली सैफी, मोहम्मद फुरकान खान मकसूद खान, अनिल पंवार, इकरार सैफी, रोबिन गुर्जर, अमरुद्दीन सैफी आदि मौजूद रहे।