गजरौला (अमरोहा)। जलभराव की समस्या दूर करने, मोहल्लों में सड़क निर्माण न होना और हाउस टैक्स कम करने आदि मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने नगर पालिका परिषद के दफ्तर के बाहर धरना दिया। बाद में पालिका के ईओ बिजेंद्र सिंह पाल को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
बुधवार को भाकियू (टिकैत) के नगर अध्यक्ष चौधरी सतेंद्र सिंह के नेतृत्व में किसान सुबह के समय नगर पालिका परिषद के दफ्तर पर एकत्र हुए। बाद में दफ्तर के बाहर धरना देकर बैठ गए। यहां नगर की समस्याओं पर चर्चा की गई। इसके बाद ईओ बिजेंद्र सिंह पाल को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें पालिका कर्मियों द्वारा पूर्व में एक शख्स की जब्त की गईं छह हजार ईंट वापस करने, मोहल्ला जवाहर नगर रामतलैया में जलभराव की समस्या दूर करने, लक्ष्मी नगर में लंबित 50 मीटर सड़क बनवाने, हाउस टैक्स में कमी करने और जनसमस्याओं के निराकरण के करने आदि मांग शामिल हैं। इस मौके पर जमील अहमद, बालकराम, भोजराम, धर्मेंद्र सिंह, राकेश देवी, योगेंद्र सिंह, सरिता, करन सिंह आदि रहे।