गजरौला। सिविल ड्रेस में अवैध शराब पकड़ने गए दो कुमराला पुलिस चौकी के दो सिपाहियों के साथ शराब के धंधे से जुड़े शख्स की पत्नी और एक युवक ने धक्कामुक्की कर दी। इस दौरान वहां काफी हंगामा भी हुआ। पुलिस ने मौके से बीस लीटर कच्ची शराब समेत एक युवक को पकड़ लिया। उसने भी कई बार पुलिस से धक्कामुक्की की। उसका आबकारी अधिनियम की धारा में चालान किया गया है।
बुधवार की रात कुमराला पुलिस चौकी के दो सिपाही सादी वर्दी में ही बगैर अधिकारियों को अवगत कराए गांव अहरौला तेजवन जा पहुंचे। उन्होंने वहां कच्ची शराब का धंधा करने वाले एक ग्रामीण से शराब खरीदनी चाही। बताते हैं कि जैसे ही उसने सिपाहियों को शराब दी। उन्होंने उसका हाथ पकड़ लिया। इसी दौरान वह हाथ छुड़ाकर भाग निकला। वहीं शोर होने पर वहां आई उसकी पत्नी ने सिपाहियों से अभद्रता और धक्कामुक्की कर दी। इसी दौरान वहां आए कुछ युवकों ने भी जानकारी के अभाव में सिपाहियों से बदसलूकी कर दी। सिपाहियों ने वहां मौजूद सुनील को बीस लीटर कच्ची शराब के साथ पकड़कर बाइक पर बैठा लिया और थाने लाने लगे। बाइक पर ही सुनील ने फिर से सिपाहियों से धक्कामुक्की की। इससे कई बार बाइक नीचे गिर पड़ी। बृहस्पतिवार को इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि सुनील का आबकारी अधिनियम की धारा में चालान किया गया है।