हसनपुर के लुहारी खादर में भाकियू असली की बैठक में मौजूद किसान।
- फोटो : HASANPUR
हसनपुर। भारतीय किसान यूनियन असली की पंचायत गांव लुहारी खादर में आयोजित की गई। जिसमें किसानों ने कहा कि हजारों किसानों को अभी तक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल सका है। साथ ही करोड़ों रुपये चीनी मिलों पर बकाया है। जिससे किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बुधवार को आयोजित पंचायत में ब्लॉक अध्यक्ष धीरज सिंह ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में किसानों की अनदेखी की जा रही है। बिजली बिल समय से जमा करने के लिए काफी दबाव दिया जाता है। लेकिन, गन्ने का भुगतान कभी भी समय से नहीं किया जाता। किसानों का शोषण किया जा रहा है। बिजली आपूर्ति शेड्यूल के अनुसार नहीं मिल रही। ग्रामीण क्षेत्र में चौबीस घंटे में महज पांच से छह घंटे ही आपूर्ति मिलती है। उसमें भी ट्रिपिंग का सिलसिला जारी रहता है। जिससे किसान फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। इसे कतई सहन नहीं किया जाएगा। मांग की गई कि कालाखेड़ा चीनी मिल की क्षमता वृद्धि की जाए। इस दौरान ग्राम ईकाई का गठन भी किया गया। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष समरपाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष चेतन सिंह, जसवीर सिंह, बंटी राणा, मेवाराम, प्रेमपाल, हरिराज सिंह, सुखदेव सिंह, रतन सिंह, पोप सिंह, समरपाल सिंह राणा, जयलाल, गेंदालाल आदि मौजूद रहे।