हसनपुर(अमरोहा)। अपर जिलाधिकारी गुलाब चंद और अपर पुलिस अधीक्षक अजय प्रताप सिंह ने कोतवाली में नगर के संभ्रांत व्यक्तियों और मस्जिद-मदरसे के मौलानाओं के साथ बैठक की। कहा कि किसी भी स्थिति में शहर की फिजा खराब न होने दें। नागरिकता संशोधन एक्ट को लेकर किसी भी तरह के बवाल को समर्थन न दें। भाईचारा बनाए रखें।
मंगलवार शाम को कोतवाली में बैठक के दौरान एडीएम गुलाबचंद ने कहा कि नागरिकता संशोधन एक्ट किसी भी धर्म के खिलाफ नहीं है। देश के लोगों पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। इसके चलते किसी भी प्रकार की अफवाह या फिजा खराब करने के लिए जिम्मेदार बातों का समर्थन न करें। यदि कहीं से कोई ऐसी गलत बात सामने आती है तो तुरंत अधिकारियों को बताएं। एएसपी ने कहा कि नागरिकता संशोधन एक्ट को लेकर कहीं पर भी होने वाले धरने व बवाल का हिस्सा न बनें। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने कहा कि जिले में धारा 144 लागू है। इस स्थिति में किसी भी धरना प्रदर्शन की कोई परमीशन नहीं होगी। यदि पूर्व में परमीशन हुई है और अब आगामी दिनों में धरना प्रदर्शन प्रस्तावित है तो वह भी नहीं होगा। इस मौके पर मुफ्ती मेराज, कारी इरशाद, मौलाना अकरम, मुफ्ती अहमद, चौधरी इंशाअल्लाह, जावेद जरताब, यूसुफ कुरैशी, शकील चौधरी, कारी शरीफ, अमीर हुसैन, लियाकत अब्बासी, शाहनवाज शेख आदि रहे। इससे पूर्व नगर में परियोजना अधिकारी डूडा मजिस्ट्रेट ऋषिपाल सिंह, इंस्पेक्टर संजय तोमर और प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने शहर के प्रमुख मस्जिदों व अब्दुल्ला इंटर कॉलेज समेत कई स्थानों पर लोगों से शांति व्यवस्था बनाने की अपील की।