हसनपुर (अमरोहा)। नागरिक संशोधन एक्ट को लेकर किए जा रहे विरोध प्रदर्शन को गलत ठहराते हुए धर्म विशेष के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करना भाजपा कार्यकर्ता को महंगा पड़ गया। पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामले में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कि भारतीय जनता पार्टी आईटी सेल से जुड़े एक कार्यकर्ता ने सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट कर एक धर्म विशेष से जुड़े लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। नागरिक संशोधन एक्ट को लेकर किए जा रहे धरना प्रदर्शन को गलत बताते हुए एक धर्म विशेष के खिलाफ अमर्यादित पोस्ट फेसबुक पर डाली गई। जिले भर में सोशल मीडिया पर माहौल खराब करने के लिए जिम्मेदार तमाम बातों पर ध्यान रखने वाली आईटी सेल की टीम कई दिनों से इसे देख रही थी। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि मामले में आईटी एक्ट के तहत मोहल्ला कायस्थान निवासी विशाल वर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। किसी भी धर्म को लेकर अमर्यादित बातें करने वालों और सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसे कतई सहन नहीं किया जाएगा। शांति व्यवस्था खराब करने के लिए जिम्मेदार अराजक तत्वों पर नजर रखी जा रही है।