अमरोहा। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रदेश सरकार ने सीएम युवा उद्यमी योजना की शुरुआत की है। इसके तहत युवाओं को सर्विस और मैन्युफैक्चरिंग की इकाई लगाकर रोजगार शुरू करने का मौका मिलेगा। जिसमें बिना ब्याज के पांच लाख रुपये तक के ऋण की सुविधा भी मिलेगी। योजना के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिले में एक हजार युवाओं को योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
कौशल विकास मिशन के तहत जहां प्रशिक्षण देकर युवाओं को स्वरोजगार के लिए तैयार किया जा रहा हैं, वहीं लघु व मध्यम उद्योग में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार ने सीएम युवा उद्यमी योजना की शुरुआत की है। जिला उद्योग विभाग की ओर से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) के तहत 21 से 40 साल तक के आठवीं पास युवाओं को उद्योग लगाने में सहयोग किया जाएगा। कुल सर्विस और मैन्युफैक्चरिंग इकाई लगाने के लिए युवाओं को पांच से दस लाख रुपये तक लोन दिया जाएगा। जिसमें कोई बैंक गारंटी की जरूरत नहीं होगी।