अमरोहा। शहर में जलभराव की समस्या से राहत देने के लिए नगर पालिका ने तैयारी शुरू कर दी हैं। करीब चार करोड़ रुपये की कार्य योजना तैयार करके प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। इससे शहरवासियों को हर साल बरसात में होने वाली जलभराव की समस्या से जल्द राहत मिल सकती है। इस राशि से नाले और नालियों का निर्माण कराया जाएगा।
पालिका प्रशासन ने करीब चार करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर रहा है। जिसके तहत शहर में नाले और नालियों का निर्माण कराया जाएगा। बरसात के दौरान कई इलाकों में पानी भरने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होता है। अब प्रशासन मानसून से पहले ही इन समस्याओं के समाधान की दिशा में काम शुरू करने की योजना बना रहा है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य तेजी से कराया जाएगा, जिससे इस बार बारिश में शहरवासियों को काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। शहर के कई मोहल्लों में आज भी बरसात के दिनों में पानी भर जाता है क्योंकि पानी निकासी के पर्याप्त इंतजाम नहीं है लेकिन इस बार लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। मोहल्ला तकिया शाह में नाले बंद पड़े है। जिससे पानी की निकासी नहीं हो पाती है। ईओ डॉ. ब्रजेश कुमार ने बताया कि नाला निर्माण के लिए चार करोड़ का प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है। इस राशि से प्राथमिकता के आधार पर काम कराया जाएगा। इन नालों के बनने से काफी हद तक लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।