हसनपुर। गांव करीब सात दिन पहले नारी निकेतन से लौटी सोलह वर्षीय गर्भवती किशोरी की प्रसव पीड़ा के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। बताते हैं कि दस माह पहले बड़ी बहन का शादीशुदा जेठ किशोरी को बहला फुसलाकर ले गया था। मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। छह माह पहले पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया था। किशोरी उस समय तीन माह की गर्भवती थी। पुलिस के मुताबिक किशोरी ने मां-बाप के साथ जाने से इंकार कर दिया था तो पुलिस ने किशोरी को नारी निकेतन भेजा था। सात दिन पहले ही उसे नारी निकेतन से लेकर गांव आए थे।
कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी एक युवती की शादी सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव में काफी समय पहले हुई थी। युवती के शादीशुदा जेठ का मायके में आना जाना था। पुलिस के मुताबिक बीस सितंबर 2019 को युवती का जेठ उसकी सोलह वर्षीय छोटी बहन को बहला फुसलाकर ले गया था। उस समय थाने में रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने किशोरी की तलाश शुरू की थी। 28 नवंबर 2019 को पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि उस समय किशोरी ने अपने मां-बाप के साथ जाने से इंकार कर दिया था। तो उसे नारी निकेतन भिजवाया गया था। जिस समय नारी निकेतन गई थी उस समय वह तीन माह की गर्भवती हो चुकी थी। इसके बाद आरोपी के खिलाफ पाक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मामला पंजीकृत किया गया था। अब किशोरी नौ माह के गर्भ से हो चुकी थी। 15 जून को किशोरी के मां-बाप उसे नारी निकेतन से लेकर घर आए थे। सोमवार रात को किशोरी को प्रसव पीड़ा होने लगी। पहले उसी सीएचसी रहरा ले जाया गया। यहां से गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल भेजा गया। वहां से भी उसे हायर सेंटर रेफर दिया गया। रास्ते में ही किशोरी की मौत हो गई। परिजनों ने शव घर ले जाकर मामले की सूचना पुलिस को दी। मंगलवार सुबह को पुलिस ने गांव पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया और पीएम को भिजवा दिया। जांच पड़ताल की जा रही है।
तीन माह पहले जेल जा चुका है आरोपी
हसनपुर। छोटे भाई की नाबालिग साली को बहला फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले फरार चल रहा आरोपी तीन माह पहले जेल भेजा जा चुका है। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि मार्च के माह में आरोपी को पाक्सो एक्ट और दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया था।
सात बच्चों का पिता है आरोपी
हसनपुर। छोटे भाई की नाबालिग साली को बहला फुसलाकर अपने साथ ले जाना वाले आरोपी की उम्र करीब पैंतालीस वर्ष है। जिस किशोरी पर उसकी नीयत खराब हुई उसकी उम्र के उसके अपने बच्चे हैं। बताते हैं कि आरोपी सात बच्चों का पिता है। सात बच्चों के पिता की घिनौनी घटना को अंजाम देने की बात किशोरी की मौत से एक बार फिर ताजा हो गई है।
नारी निकेतन से लौटी किशोरी की मौत हो गई। उसे प्रसव पीड़ा हुई थी। शव कब्जे में लेकर पीएम को भिजवा दिया गया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- नीरज कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हसनपुर