सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव में घर में सोते समय संदिग्ध परिस्थितियों में गर्भवती महिला की मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के ग्राम हाजीपुर तरारा निवासी शीशपाल मजदूर है। उसकी 28 वर्षीय पत्नी नीतू नौ माह की गर्भवती थी। परिजनों के मुताबिक, शीशपाल दिल्ली में मजदूरी करने गया हुआ था। शुक्रवार रात नीतू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव उसके ही कमरे में पड़ा मिला। महिला के भाई देवेश कुमार का कहना है नीतू के साथ अनहोनी की आशंका के चलते शुक्रवार सुबह घर पहुंचे तो नीतू के कमरे में बाहर से ताला लगा था। किसी तरह से ताला खुलवाकर अंदर देखा तो वह जमीन पर मृत अवस्था में पड़ी थी। इसके बाद मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह से समझाकर हंगामा कर रहे लोगों को शांत किया। थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
महिला के भाई देवेश के मुताबिक नीतू के पति ने शीशपाल ने दूसरी शादी भी रचा ली थी। शादी के बाद पति शीशपाल का ज्यादा ध्यान दूसरी पत्नी की तरफ रहता था। जिससे नीतू और पति के बीच आए दिन अनबन रहती थी। आरोप है कि दूसरी पत्नी के लिए पहली की हत्या कर दी गई। नीतू ने इससे पहले एक बार बच्चे को जन्म दिया था, लेकिन बच्चे की मौत हो गई थी। इसके बाद अब फिर वह गर्भवती थी, लेकिन उसे क्या मालूम था कि बच्चे को जन्म देने से पहले ही वह दुनिया छोड़ कर चली जाएगी।
देवेश का कहना है कि नीतू व शीशपाल की शादी सन 2014 में हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद नीतू आग को आग से जलाकर मारने की कोशिश की गई थी। जिस संबंध में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। काफी दिनों तक मुकदमा चलता रहा। कुछ समय बाद दोनों पक्षों में फैसला हो गया था। कुछ समय बीतने के बाद शीशपाल ने दूसरी शादी रचा ली थी।