नौगावां सादात। तहसील क्षेत्र के कौराल बिजलीघर की हाईटेंशन लाइन पर पेड़ गिरने से करीब आठ गांवों की आपूर्ति 14 घंटे बंद रही। इससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं अव्वलपुर गांव के लोगों को भी 17 घंटे बिजली नहीं मिली। इसकी वजह से ग्रामीणों के जरूरी काम भी नहीं हो पाए।
सोमवार रात बरसात के दौरान हाइटेंशन लाइन पर पेड़ गिर गया। इससे बिजली आपूर्ति बंद हो गई। बिजली कर्मचारियों ने पेड़ को हटाकर मंगलवार की सुबह 11 बजे आपूर्ति को बहाल कर दिया। वहीं बहादुरपुर बिजलीघर से जुड़े अव्वलपुर गांव में सोमवार की शाम सात बजे लाइन में अचानक फाॅल्ट होने से पूरी रात बिजली गुल रही। बिजली कर्मचारियों ने मंगलवार को 12:30 बजे बिजली सप्लाई को सुचारु किया। आए दिन बिजली की समस्या परेशान कर रही है।
डिडौली और जोया क्षेत्र में भी चार से पांच घंटे आपूर्ति बंद रही। शहर से लेकर गांव तक बिजली की समस्या बनी हुई है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण कारोबार पर असर पड़ रहा है। अधिशासी अभियंता राहुल निगम ने बताया कि लाइन पर पेड़ गिरने से आपूर्ति बाधित रही। हालांकि मंगलवार को सप्लाई को सुचारु कर दिया गया।