आदमपुर। बारिश के दौरान पशुशाला की दीवार गिरने से मलबे में दबकर घायल हुए किसान की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से परिजनों में शोक है। पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है।
थाना क्षेत्र के बहादरपुर मिश्र निवासी राजपाल (55) खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। सोमवार रात करीब डेढ़ बजे वह पशुशाला के पास शेड में चारपाई पर सो रहे थे। तेज बारिश के बीच अचानक पशुशाला की दीवार भरभराकर गिर गई और राजपाल मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और संभल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मेरठ रेफर कर दिया। मंगलवार दोपहर उपचार के दौरान राजपाल ने दम तोड़ दिया।
शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे पांच बच्चे छोड़ गए हैं। नायब तहसीलदार मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।