ड्रोन उड़ने की अफवाह फैलाने वालों पर अब पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। आदमपुर पुलिस ने दो लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। हापुड़ और गजरौला में बैठे लोगों ने पुलिस को ड्रोन देखने जाने और संदिग्ध लोगों के देखे जाने की झूठी सूचना दी थी। वहीं, पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां कुछ नहीं था और आरोपियों ने भी फोन बंद कर लिया था। पुलिस ने अफवाह फैलाने वाले दोनों आरोपियों गंगासरण व होराम की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।
बीते बुधवार की रात को डायल 112 नंबर पर कॉल करके एक व्यक्ति ने ढबारसी में मक्का के खेत संदिग्ध व्यक्ति और ड्रोन उड़ने की जानकरी दी गई। सूचना पर पीआरवी और चौकी पुलिस मौके पर पहुंची थी। हालांकि, पुलिस को कुछ नहीं मिला था। पुलिस ने आसपास के लोगों से फोन करने वालों की जानकारी मागं तो उन्होंने कहा था कि वह यहां मौजूद ही नहीं है।
लोकेशन ट्रैस करने पर पता लगा कि सूचना देने वाला ढबारसी गांव निवासी गंगासरण नाम का व्यक्ति हापुड़ के पिलखुवा में रहता है। वहीं होराम ने भी गांव मकरंदपुर में ड्रोन उड़ने की सूचना दी थी। जांच करने पर पता लगा कि होराम ने गजरौला से पुलिस को फोन कर ड्रोन उड़ने की सूचना दी थी। क्षेत्र में झूठी अफवाह फैलाने और पुलिस को झूठी सूचना देने पर दोनों पर कार्रवाई की गई है।
जल्द होगी दोनों की गिरफ्तारी
g सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि झूठी अफवाहें फैलाने और पुलिस को गुमराह करने के आरोप में पुलिस ने गंगासरण और होराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार किया जाएगा। इन दोनों व्यक्तियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वह ऐसी झूठी अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पुख्ता जानकारी होने पर ही पुलिस को सूचित करें। झूठी सूचना देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लोगों को जागरूक किया गया, ड्रोन देखने की सूचनाओं पर लगा ब्रेक
अमरोहा। एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि जिले में बीते दिनों में चोरी की आशंका, ड्रोन उड़ने की अफवाहें और संदिग्ध व्यक्तियों के पकड़कर पीटने की घटनाएं तेजी से सामने आई थीं। पुलिस की जांच में स्पष्ट हुआ है कि यह घटनाएं महज अफवाहें थीं और जिन लोगों को पकड़ा गया वह चोर नहीं पाए गए। सिर्फ कुछ शरारती तत्वों द्वारा जानबूझकर लोगों को परेशान करने व भ्रम की स्थिति उत्पन्न करने तथा अफवाह फैलाने के उद्देश्य से ड्रोन उड़ाकर एवं ड्रोन के फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास किया गया था।
रजबपुर क्षेत्र में फोटो स्टूडियो चलाने वाले तीन युवकों द्वारा ड्रोन के माध्यम से रील बनाने और थाना डिडौली व सैदगनली क्षेत्र में बच्चों द्वारा रिमोर्ट कंट्रोल वाला खिलौनानुमा ड्रोन हेलीकॉप्टर उड़ाए जाने की पुष्टि हुई थी। लोगों के बीच बढ़ती अफवाहों को देखते हुए ड्रोन संचालकों के साथ बैठक की गई। लोगों को जागरूक किया गया। इसके बाद लोगों में इसका असर दिखने लगा है। बृहस्पतिवार की रात सिर्फ एक कॉल आई थी। जबकि, इससे पहले एक रात में 40 से 42 कॉल आ रही थी। संवाद