धनौरा नगर के मोहल्ला कटरा में कुत्तों के झुंड द्वारा छह साल की बच्ची को नोंचकर बुरी तरह घायल करने का मामला ठंडा नहीं हुआ था कि क्षेत्र के गांव ततारपुर में पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने दो साल के मासूम पर हमला कर घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि मालिक कुत्ते को खोलकर घूमा रहा था। किसी तरह मासूम बच्चे को बचाया।
पिटबुल के हमलों को लेकर नगर पालिका प्रशासन की ओर से कार्रवाई की चेतावनी दी जाती है। पिछले दिनों अधिकारियों ने एक तरफ जहां प्रतिबंधित नस्ल के कुत्तों के पालने वालों को कार्रवाई की नसीहत दी तो वहीं पिटबुल के मालिक को 5000 रुपये के जुर्माना लगाने की चेतावनी दी।
वहीं पिछले कुछ दिन में नगरपालिका क्षेत्र में 43 लोगों ने कुत्ते पालने का रजिस्ट्रेशन कराया है। साथ ही 13500 की फीस जमा की गई। ईओ नगर पालिका बृजेश सिंह ने बताया कुत्ते पालने के लिए रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है। धनौरा नगर के मोहल्ला कटरा में कुत्तों के झुंड द्वारा छह साल की बच्ची को घायल करने के बाद पालिका ने अभियान चलाया।
इस दौरान पालिका की टीम ने चार कुत्तों को पकड़ा। ईओ अरुण कुमार ने बताया कि पकड़े गए कुत्तों को नहर के पास छोड़ दिया गया है। उनका कहना था कि निविदा के बाद ही एनजीओ द्वारा कुत्ते पकड़े जाएंगे।